
दिनांक/26/05/2025
Nanital/Uttarakhandprime 24×7
नैनीताल। पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड करते हुए गंगोली क्षेत्र से दो चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नौ चोरी की बाइकें बरामद की गई हैं। पकड़े गए दोनों चोर आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे है।
इसकी जानकारी देते हुए एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया पिछले कुछ समय से नैनीताल शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थी। जिसके बाद एसपी सिटी के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन कर मामलों की जांच सौंपी गई। टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की और संभावित रूट और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की।
जांच के बाद पुलिस को पता चला कि चोर गिरोह मंगोली क्षेत्र में सक्रिय है। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर मंगोली में छापेमारी की। जहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों से बाइकें चोरी करते थे और उन्हें मंगोली के पास जंगल में छिपा देते थे। गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान घुग्घू खाम निवासी दीपक सिंह बिष्ट और बाजपुर बन्ना खेड़ा निवासी आकाश के रूप में हुई है। दोनों आपस में साढू भाई हैं। पुलिस दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 9 बाइकें बरामद की हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क और भी बड़ा हो सकता है और आने वाले समय में और भी खुलासे हो सकते हैं। एसएसपी ने खुलासा करने वाली टीम को ढाई हजार रुपए ईनाम देने की घोषणा की है।




