मंत्री रेखा आर्य ने महिला सशक्तिकरण योजनाओं की समीक्षा की
मंत्री रेखा आर्य ने महिला सशक्तिकरण योजनाओं की समीक्षा की

दिनांक/08/04/2025
Dehradun/Uttarakhandprime 24×7
देहरादून। प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में बैठक आयोजित कर सम्बन्धित अधिकारियों के साथ विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। मंत्री ने समीक्षा के दौरान पाया कि प्रदेश में पूर्व से संचालित विभाग की सभी योजनाएं तेज गति के साथ काम कर रही हैं तथा लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। वहीं मंत्री ने आने वाली नयी योजनाओं मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना व मुख्यमंत्री महिला एवं बाल बहुमुखी सहायता निधि योजना की भी समीक्षा की। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना व मुख्यमंत्री महिला एवं बाल बहुमुखी सहायता निधि योजनाओं का स्वरूप शीघ्र तैयार कर लें।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना कैबिनेट से मंजूर हो गई है। इस योजना में कुछ संशोधन थे जोकि कैबिनेट के रूप में नहीं निकलकर आ सके, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव बनाने के लिए निर्देशित किया गया है ताकि उन संशोधित बिन्दुओं को स्पेशल केस के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री से मंजूरी दिलवायी जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि इस योजना को आगामी माह जुलाई तक धरातल पर उतारेंगे तथा प्रदेश की पात्र महिलाओं को समर्पित करेंगे।
मंत्री ने महिला नीति की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी कैबिनेट में महिला नीति को लाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा तैयारी पूरी कर ली जाय।
मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को अप्रैल माह के अन्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिये साथ ही कहा कि आगामी माह मई के प्रथम या द्वितीय सप्ताह में संबंधितों को नियुक्ति पत्र वितरित कर दिये जायें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक साथ लगभग 7 हजार आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओं की भर्ती की जा रही है जोकि स्वरोजगार प्रदान करने की दिशा में प्रदेश सरकार का सराहनीय कदम है।




