बाइक सहित खाई में गिरे युवक का शव बरामद
बाइक सहित खाई में गिरे युवक का शव बरामद

दिनांक/06/04/2025
Pithoragarh/Uttarakhandprime 24×7
पिथौरागढ। डीडीहाट क्षेत्र में चैबाटी मार्ग पर बाइक समेत खाई में गिरे युवक का शव रविवार सुबह को एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया। जिसे एसडीआरएफ ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक 5 अप्रैल को डीडीहाट कोतवाली में बाइक हादसे की सूचना मिली थी। जिसमें बताया गया कि एक युवक अपनी बाइक से घोरपट्टा से घर लौट रहा था, जो अपनी पीठ पर पैराग्लाइडिंग से संबंधित एक भारी बैग बांधा हुआ था। जैसे ही वो चैबाटी मार्ग पर मऊपानी मोड़ के पास पहुंचा, वैसे ही उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी, यह सूचना मिलते ही डीडीहाट थानाध्यक्ष हरीश सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ, फायर यूनिट डीडीहाट और डीडीहाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यू टीम गहरी खाई में उतरी और खोजबीन शुरू की, लेकिन रात होने के कारण बाइक चालक का पता नहीं लग पाया। रविवार सुबह एसडीआरएफ, डीडीहाट फायर यूनिट और डीडीहाट पुलिस टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया। जहां गहरी खाई में बाइक सवार युवक का शव बरामद हुआ। जिसके बाद शव को सड़क पर लाया गया। फिर परिजनों के मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




