Haridwarउत्तराखंड

प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आकर एक की मौत

मृत नमामि गंगे प्रोजेक्ट में था हाइड्रा चालक

दिनांक/02/01/2025

Haridwar/Uttarakhandprime 24×7 

हरिद्वार। प्रतिबंधित होने के बावजूद बाजारों में खुलेआम चाइनीज मांझा बिक रहा है और इसका खामियाजा आम आदमी को भुगतना पड़ रहा है। राजा गार्डन के पास चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक का नाम अशोक कुमार है, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला था और हरिद्वार में रहकर हाइड्रा चलाने का काम करता था। गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक अशोक कुमार नमामि गंगे प्रोजेक्ट में हाइड्रा चलाने का काम करता था। रोजाना की तरह वो राजा गार्डन के पास हाइड्रा चला रहा था। हाइड्रा चलाते समय अचानक चाइनीज मांझा उसके गले में फंस गया और मांझे ने उसकी गर्दन को रेत दिया। हादसा होते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया। गहरा घाव होने की वजह से काफी खून बह चुका था और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी देते हुए हरिद्वार के कनखल थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। जब इस विषय पर हरिद्वार के एसपी सिटी पंकज गैरोला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि हमारे द्वारा समय-समय पर चाइनीज मांझे को लेकर अभियान चलाया जाता रहा है और अभी हम इस कैंपेन को दोबारा शुरू करेंगे। इसी के साथ उन्होंने लोगों से भी अपील की है, कि वह इस मौत के मांझे को ना खरीदें और अगर कहीं बिक रहा है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button