यमुनोत्री धाम की यात्रा व्यवस्थाओं का डीएम व विधायक ने लिया जायजा

यमुनोत्री धाम की यात्रा व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल भी उपस्थित रहे। अप्रैल माह से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा में पिछले साल की अपेक्षा इस साल अधिक तीर्थ यात्रियों की आने की संभावना है। जिसे देखते हुए यमुनोत्री धाम में यात्रा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किए जाने को लेकर जिलाधिकारी ने सभी गतिमान कार्यों को युद्ध स्तर पूरा करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यमुनोत्री धाम में काफी कुछ कार्य कर लिए गए है। जो कार्य शेष है उनको ससमय पूरा करने के निर्देश सम्बंधित विभागों को दिए गए है।यमुनोत्री हाइवे का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने यात्रा पड़ाव रानाचट्टी के पास पड़ा मलबा को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क मार्ग को चैड़ीकरण करने को कहा।निरीक्षण के दौरान यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने ऋषिकुंड बनास को जोड़ने वाले मोटर मार्ग को सुदृढ़ करने को कहा। जिलाधिकारी ने फूलचट्टी के समीप सड़क मार्ग का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से शुरु करने के निर्देश कार्यदायी संस्था रानी कंस्ट्रक्शन को दिए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत को यात्रा पड़ाव के साथ ही जानकीचट्टी में रास्तों, नालियों,शौचालयों की सफाई करने के अलावा यमुनोत्री पैदल मार्ग एवं सभी शौचालयों की स्वच्छता पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। साथ ही पैदल मार्ग पर घोड़ा खच्चरों के लीद निस्तारण के लिए छोटे छोटे लीद पिट बनाने को कहा। यमुनोत्री धाम में स्नान घाट एवं चेंजिंग रूम का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया।जिलाधिकारी ने फूलचट्टी में यात्रियों की सुविधा के लिए एक शौचालय निर्माण करने के निर्देश सुलभ को दिए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग पर क्षतिग्रस्त रेलिंग को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। पैदल मार्ग को और सुगम और सुरक्षित बनाने को कहा। जानकीचट्टी में पार्किंग की ओर जाने वाले मार्ग को सुदृढ़ करने के साथ ही साइनेज आदि लगाने के निर्देश दिए। तथा सड़क मार्ग को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के साथ ही शुभम पैलेस के नजदीक क्रेश बेरियर लगाने के निर्देश दिए।




