
Date/09/02/2026
Haldwani/ Uttarakhand prime 24×7
हल्द्वानी। हल्द्वानी में एसडीएम कोर्ट के लंबे समय से नियमित रूप से संचालित न होने को लेकर अब मामला सड़कों तक पहुंच गया है। सोमवार को एसडीएम कार्यालय परिसर उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब विधायक सुमित हृदयेश और पार्षद रवि जोशी कोर्ट परिसर में ज़मीन पर बैठकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान एसडीएम कोर्ट का कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि एसडीएम हल्द्वानी राहुल शाह के स्थानांतरण के बाद से कोर्ट का नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा असर वकीलों और आम नागरिकों पर पड़ रहा है। रोज़मर्रा के मामलों में सुनवाई न होने से लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही थी।
धरने के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि एसडीएम कोर्ट का बंद रहना न्याय व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक है। कोर्ट न चलने से आम जनता को समय और पैसे दोनों की हानि उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जब तक नए एसडीएम की तैनाती नहीं होती, तब तक यह समस्या बनी रहेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने कुमाऊं कमिश्नर और जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हल्द्वानी जैसे बड़े शहर में एसडीएम कोर्ट का बंद रहना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। धरने के बाद जिलाधिकारी ने विधायक को आश्वासन दिया कि हल्द्वानी में बहुत जल्द नए एसडीएम की तैनाती कर दी जाएगी, ताकि कोर्ट का कामकाज दोबारा सुचारू रूप से शुरू किया जा सके। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया।




