सूबे में बनेगा डिजिटल हेल्थ केयर इकोसिस्टमः डॉ. धन सिंह रावत
100 दिन में 50 लाख लोगों की आभा आईडी बनाने का रखा लक्ष्य

देहरादून। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत प्रदेश में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दिया जायेगा। इसके तहत आभा आईडी धारकों, चिकित्सालयों एवं चिकित्सकों सहित सभी सेवादाताओं को एक प्लेटफार्म पर लाया जायेगा। इसके लिये सूबे में डिजिटल हेल्थ केयर इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है। अधिक से अधिक लोगों की आभा आईडी बन सके इसके लिये प्रदेशभर में 100 दिन का अभियान चला कर 50 लाख आभा आईडी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह बात सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह देहरादून में आयोजित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की कार्याशाला में बतौर मुख्य अतिथि कही। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिये राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत प्रदेश में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ाया जा रहा है, इसके लिये सूबे में डिजिटल हेल्थ केयर इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है। जिसमें आभा आईडी धारकों, चिकित्सालयों, एवं चिकित्सकों सहित सभी हितधारकों को आपस में जोड़ा जायेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 30 लाख से अधिक लोगों की आभा आईडी बन चुकी है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में प्रत्येक व्यक्ति की आभा आईडी बनाई जाय, ताकि सभी लोग डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें। इसके लिये प्रथम चरण में प्रदेशभर में 100 दिन का विशेष अभियान चला कर 50 लाख लोगों की आभा आईडी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के अंतर्गत सभी शिक्षण संस्थानों में संगोष्ठियां आयोजित की जायेगी साथ ही डिजिटल हेल्थ आईडी बनाने के लिये कैम्प भी लगाये जायेंगे।




