
Date/02/04/2026
Dehradun/Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय वार्षिक टेक्नोकल्चरल फेस्ट ‘लम्हे’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 02 से 04 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में दिल्ली विश्वविद्यालय, दून विश्वविद्यालय, यूपीईएस, आईसीएफएआई, ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय, देवभूमि विश्वविद्यालय, उत्तरांचल विश्वविद्यालय तथा एसजीआरआर सहित उत्तराखंड और देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों व कॉलेजों की भागीदारी देखने को मिल रही है। फेस्ट में विभिन्न संस्थानों से हजारों छात्रछात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।
पहले दिन का उद्घाटन समारोह कार्यक्रम का सबसे खास और यादगार आकर्षण रहा। इस अवसर पर विश्वविख्यात मोहन वीणा वादक पं. विश्व मोहन भट्ट ने अपनी मोहक मोहन वीणा प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पद्म भूषण, पद्मश्री, ग्रैमी अवॉर्ड और संगीत नाटक अकादमी सम्मान से अलंकृत पं. विश्व मोहन भट्ट के सुरों ने पूरे वातावरण को शांति, आत्मिक सुकून और भारतीय शास्त्रीय संगीत की गरिमा से भर दिया। विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों ने उनके वादन को अविस्मरणीय अनुभव बताया और तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हरि हर पटनायक, चेयरमैन, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं तकनीकी आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें रचनात्मकता के साथ अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अनिल सुब्बाराव पायला ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभा पहचानने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि ‘लम्हे’ विश्वविद्यालय की उस सोच को दर्शाता है, जहां शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और रचनात्मकता को भी समान महत्व दिया जाता है। इस अवसर पर उप कुलपति प्रो. अनिथा रामचन्द्र और रजिस्ट्रार कर्नल प्रणव कुमार भी शामिल रहे और छात्रों का उत्साह बढ़ाया। वहीं डीन स्टूडेंट वेलफेयर, प्रो. अमित अदलखा ने बाहर से आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि ‘लम्हे’ छात्रों को खुलकर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करता है और अगले तीन दिनों तक उन्हें पूरे उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित करता है।




