यूपी से बर्फबारी देखने उत्तराखंड आए पर्यटकों की कार खाई में गिरी
यूपी से बर्फबारी देखने उत्तराखंड आए पर्यटकों की कार खाई में गिरी

Date/27/01/2026
Champawat/Uttarakhand prime 24×7
चंपावत। उत्तर प्रदेश के सीतापुर से बर्फबारी देखने उत्तराखंड आए पर्यटकों का वाहन खाई में गिर गया। दुर्घटनाग्रस्त हुए वाहन में कुल 7 लोग सवार थे। आधी रात को खाई में वाहन गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक जिला नियंत्रण कक्ष चंपावत के माध्यम से रात के समय लगभग 12ः30 बजे एसडीआरएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि सुखीढांग क्षेत्र के पास एक वाहन खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट टनकपुर से उप निरीक्षक दीपक जोशी के नेतृत्व में टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ टीम को घटनास्थल पर पहुँचकर पता चला कि सुखीढांग क्षेत्र के पास एक वाहन महिंद्रा एक्सयूवी 700 अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया है। वाहन में कुल 07 व्यक्ति सवार थे। इनमें से 05 व्यक्ति स्वयं खाई से बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए थे और ये सभी सुरक्षित थे।
रू शेष 02 व्यक्तियों (1महिला, 1पुरुष) को हल्की चोटें आई थीं। जख्मी लोगों को एसडीआरएफ एवं जिला पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर रात के अंधेरे और अन्य विषम परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मशक्कत कर खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके साथ ही इन्हें मुख्य मार्ग तक लाया गया और 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि घायलों में अभिषेक वर्मा पुत्र कृष्ण वर्मा उम्र 24 वर्ष, निवासी सीतापुर उतर प्रदेश, दर्शिका वर्मा पुत्री देश दीपक भार्गव उम्र 17 वर्ष, निवासी सीतापुर उतर प्रदेश शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग उत्तराखंड के चंपावत जिले में बर्फबारी देखने आए थे।




