
Date/02/03/2026
Dehradun/Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के विशेष मॉनिटर प्रो. कन्हैया त्रिपाठी ने सोमवार को देहरादून के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं को मानवाधिकार और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। प्रो. त्रिपाठी ने जीजीआईसी कौलागढ़, नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रेमपुर माफी एवं दून मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ मानवाधिकार की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, विशेषकर बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने पोक्सो एक्ट, स्वच्छता, और आत्मरक्षा से संबंधित योजनाओं पर भी छात्रों को मार्गदर्शन दिया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में प्रो. त्रिपाठी ने आगामी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष जागरूकता गोष्ठियों, प्रतियोगिताओं और डाक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शनी आयोजित कराने को कहा। दून मेडिकल कॉलेज में उन्होंने कॉलेज के अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ बैठक की। प्रो. त्रिपाठी ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यहाँ मानवाधिकार और जेंडर इक्वेलिटी को बढ़ावा देने में बेहतरीन पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा में छात्रों, शिक्षकों और चिकित्सकों के बीच बेहतर संवाद होना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेज में कोई शिकायत लंबित नहीं है और प्रबंधन समिति ने सभी निर्देशों को प्रभावी रूप से लागू करने का आश्वासन दिया। भ्रमण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी वी. के. ढौड़ियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




