
चमोली/देहरादून बदरीनाथ धाम में शनिवार को दोपहर में करीब दो बजे नीलकंठ पर्वत की तलहटी में अचानक हिमस्खलन की घटना सामने आई है। हिमस्खलन ऋषि गंगा में हुआ है। इन दिनों बदरीनाथ धाम की चोटियां बर्फ से लकदक है। दूसरी तरफ यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में तेज आंधी तूफान और गर्जना के साथ रुक रुककर बारिश का सिलसिला लगातार बना रहा। जिससे यात्रियों सहित आम जनमानस को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन अपनी पूरी नजरें चारधाम यात्रा पर टिकाए हुए है। प्रशासन चारों धामों में पल-पल की अपडेट ले रहा है। यात्रियों को किसी प्रकार का जोखिम न उठाने की सलाह लगातार दी जा रही है।




