Dehradunउत्तराखंड

धराली में राहत व बचाव कार्यो में तेजी लाने को गंगानानी पुल का निर्माण शुरू

पुल तबाह होने के कारण धराली का उत्तरकाशी से सम्पर्क है कटा हुआ

दिनांक/08/8/2025

Dehradun/ Uttarakhandprime 24×7 

देहरादून। आपदाग्रस्त क्षेत्र धराली में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए गंगनानी की चुनौती को पार करना जरूरी है। गंगनानी में बीआरओ का पुल पूरी तरह तबाह हो जाने से धराली का संपर्क उत्तरकाशी से कटा हुआ है। लिहाजा, इस भाग पर बेली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। बीआरओ और राज्य के लोक निर्माण विभाग ने इस दिशा में तत्परता से कदम बढ़ाते हुए बेली ब्रिज निर्माण की तैयारी पूरी कर दी है। गुरुवार शाम तक बेली ब्रिज सात हिस्सों में बांटकर ट्रकों के माध्यम से किसी तरह गंगनानी तक पहुंचा दिया गया था। बीआरओ और लोनिवि के अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह से बेली ब्रिज का निर्माण शुरू करा दिया है।

बेली ब्रिज के हिस्सों को गंगनानी तक पहुंचाने का कार्य सुबह करीब नौ बजे से शुरू कर दिया गया था। लेकिन, करीब 30 से 35 किलोमीटर के सफर में ब्रिज की मशीनरी को छह बड़े भूस्खलन जोन और वहां क्षतिग्रस्त सड़क की बाधा से जूझना पड़ा। इन हिस्सों पर बीआरओ ने पहाड़ी वाले भाग को काटकर किसी तरह सड़क की चौड़ाई बढ़ाई और मशीनरी को आगे बढ़ाया।

कुछ ऐसा ही गंगनानी में क्षतिग्रस्त पुल के पास वाले भाग पर भी किया गया। यहां भी सड़क का बड़ा हिस्सा 150 मीटर की लंबाई में ध्वस्त होने के चलते बेली ब्रिज के हिस्सों को ला रहे ट्रकों को आगे बढ़ने में मुश्किल का सामना करना पड़ा। लिहाजा, इस भाग पर भी पहाड़ी को काटकर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई गई। इस तरह शाम तक बेली ब्रिज के सभी हिस्से पहुंचा दिए गए थे।

लोनिवि के अपर सचिव विनीत कुमार टीम के साथ गंगनानी पहुंचे। उन्होंने बीआरओ और एसडीआरएफ की टीम के साथ बेली ब्रिज के निर्माण की संभावना देखी और युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गंगनानी और धराली के बीच डबराणी के बीच क्षतिग्रस्त हुई सड़क की भी प्रगति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि बेली ब्रिज के निर्माण से पहले ही डबराणी में क्षतिग्रस्त सड़क को बहाल कर दिया जाए।

बीआरओ (बार्डर रोड आर्गेनाइजेशन) के सहायक अधिशासी अभियंता नंदलाल के अनुसार, बेली ब्रिज का निर्माण शुक्रवार सुबह शुरू कर दिया गया है। प्रयास किए जा रहे हैं कि दो से ढाई दिन के भीतर पुल का निर्माण पूरा कर दिया जाए। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता हरीश पांगती और भटवाड़ी के अधिशासी अभियंता अंदीप राणा ने बताया कि बेली ब्रिज की कुल लंबाई 30 मीटर रहेगी और चौड़ाई 4.5 मीटर होगी। यह सिंगल लेन पुल होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button