
दिनांक/28/08/2025
Lansdowne/Uttarakhandprime 24×7
लैंसडाउन। पर्यावरण को बचाने एवं संरक्षित रखने के साथ ही वाटर हार्वेस्टिंग, भूजल रिचार्ज आदि पर सेना के जवान जोर शोर से काम कर रहे हैं। लैंसडाउन में ब्रिगेडियर विनोद नेगी के नेतृत्व में सेना के जवानों ने बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया। इस दौरान ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने कहा कि बहुत जल्द सैन्य क्षेत्र में गौरव सेनानी झील का निर्माण किया जाएगा।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने पर्यावरण की महत्ता को बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के लिए पर्यावरण का संरक्षण बहुत जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण का कर्तव्य सभी को निभाना होगा। एक पेड़ मां के नाम अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान की आने वाले समय में और जरूरत है। कहा कि हमारी सेना भूजल पर और वाटर हार्वेस्टिंग पर लंबे समय से कई सराहनीय कार्य कर रही है। कहा कि सेना द्वारा सैन्य क्षेत्र में कई झील बनाए गए हैं। जहां दूर दराज से पर्यटक आते हैं। चैक डैम पर भी विशेष फोकस है। चीड़ हटाओ बांज लगाओ के प्रति भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं। कहा कि बांज लगाना बहुत जरूरी है। ताकि भविष्य में सभी के प्रयास से लैंसडाउन में फिर से पहले जैसे बर्फबारी शुरू हो जाए। ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने कहा कि लैंसडाउन में बुरांश वाटिका बनाने का भी प्रस्ताव है। इस वाटिका में करीब 250 से ज्यादा बुरांश के पौधे लगाये जाएंगे। ताकि जब यह बड़े हो तो इसकी खूबसूरती का हर कोई दीदार कर सकें।



