Dehradunउत्तराखंड

कैंचीधाम बायपास पर हर हाल में 15 जून तक हो जाए यातायात शुरूः महाराज

1258.12 लाभ रूपये की 5 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

Date/09/02/2026

Dehradun/Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून/भीमताल। जनपद नैनीताल निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा लगातार विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है। विकास की इस कड़ी में प्रदेश के लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज द्वारा विकास भवन पहुॅचकर लोक निर्माण विभाग की 945.99 (नौ करोड़ पैंतालीस लाख निन्न्यानवे हजार) 04 योजनाओं का शिलान्यास किया गया जबकि लोक निर्माण विभाग की ही 312.13 (तीन करोड़ बारह लाख तेरह हजार) की एक योजना का लोकार्पण किया गया है। इस प्रकार कुल 1258.12 लाभ रूपये की 5 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलांयास किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायतों को सशक्त करने के लिए 73 (तिहत्तरवे) संविधान संशोधन के तहत 11 (ग्यारहवीं) अनुसूची में वर्णित 29 (उनतीस) विषयों के हस्तांतरण हेतु कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के समस्त जनपदों में नये पंचायत भवनों का निर्माण एवं पुराने पंचायत भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में सड़कों की कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है। अभी तक 14027 (चौदह हजार सत्ताईस) नये गाँवों को सड़क मार्ग प्रदान कर राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़कर गाँवों के विकास के लिये सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना के अंतर्गत अब तक पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत किये जा चुके हैं। जबकि 1118 (एक हजार एक सौ अट्ठारह) लोग इस योजना का लाभउठा चुके हैं।

कैबीनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन सभागार पहुॅचकर जन संवाद किया तथा जनपद में चल रहे विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए कैंचीधाम बायपास निर्माण कार्य 15 जून तक पूर्ण कर लिया जाये। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि बायपास में 75 मीटर स्पान के बन रहे पुल में विलम्ब होने की संभावना होने पर अस्थायी रूप से वैलीब्रिज की व्यवस्था करते हुए 15 जून तक हर हाल में बायपास रोड शुरू करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अभियन्ताओं को दिये। उन्होंने जनपद की सड़कों पर दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे यातायात के दबाव को देखते हुए निर्देश दिये कि जनपद की महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण हेतु प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर शासन में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों के अनुरूप ही सड़कों का निर्माण किया जाये ताकि अधिक दबाव के कारण सड़कें जल्दी खराब न हों और हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता विशेष ध्यान दिया जाये।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button